यदुवंशी बजाएंगे कमल की बंसी!!पूर्व सीबीआई अधिकारी अनिल यादव की भाजपा में एंट्री से बांदा की सियासत में हलचल ✍🏼

न्यूज स्टेटस 24 विनय निगम, बांदा । उत्तर प्रदेश के 2027 विधानसभा चुनाव की बिसात अभी से बिछने लगी है। भाजपा का नारा है- ’27 की तैयारी है, अब मथुरा की बारी है।’ इस सियासी संदेश के बीच भाजपा ने समाजवादी पार्टी के मजबूत माने जाने वाले यादव राजनीतिक आधार में सेंध लगाने की कवायद तेज कर दी है। बांदा के पूर्व सीबीआई डिप्टी सुपरटेंडेंड ऑफ पुलिस (डीएसपी) अनिल यादव का भाजपा में शामिल होना इसी रणनीति की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।अनिल यादव की भाजपा में एंट्री का सबसे दिलचस्प राजनीतिक प्रभाव बांदा की बबेरू विधानसभा सीट पर पड़ने की चर्चाएं हैं। यादव मतदाताओं की उल्लेखनीय भूमिका वाली इस सीट पर समाजवादी पार्टी लंबे समय से अपने सामाजिक समीकरणों को मजबूत मानती रही है। ऐसे में यदि अनिल यादव अपने राजनीतिक प्रभाव और समर्थकों के जरिए यादव समाज के एक हिस्से को भाजपा के साथ जोड़ने में सफल होते हैं तो चुनावी मुकाबले की तस्वीर बदल सकती है।बबेरू की सियासत में समाजवादी पार्टी के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने परंपरागत मतदाताओं को एकजुट रखने की होगी। खासकर ऐसे यादव मतदाता, जो स्थानीय नेतृत्व, विधायक की कार्यशैली अथवा टिकट वितरण से असंतुष्ट हैं, उनके बीच भाजपा नए राजनीतिक विकल्प की जमीन तलाश सकती है।दूसरी ओर, अनिल यादव की भाजपा में एंट्री से बबेरू में विधानसभा टिकट के लिए दावेदारी कर रहे भाजपा नेताओं के बीच भी नए समीकरण बनेंगे। पार्टी यदि उन्हें यादव समाज के बीच प्रभावशाली चेहरे के रूप में आगे बढ़ाती है तो टिकट की दौड़ में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। हालांकि भाजपा में शामिल होना अपने आप में विधानसभा टिकट का संकेत नहीं है।इस घटनाक्रम का एक दूसरा पहलू भी है। भाजपा में नए चेहरे की एंट्री से बबेरू में सियासी प्रतिस्पर्धा बढ़ने की संभावना है। ऐसे में समाजवादी पार्टी के भीतर विधानसभा टिकट के दूसरे दावेदारों को मौजूदा राजनीतिक समीकरणों में बदलाव का अवसर दिखाई दे सकता है। यदि यादव मतदाताओं के बीच नेतृत्व को लेकर असंतोष बढ़ता है तो गैर यादव चेहरों की दावेदारी भी मजबूत हो सकती है।फिलहाल एक बात साफ है कि अनिल यादव का भाजपा में जाना महज एक राजनीतिक दल-बदल नहीं, बल्कि 2027 के चुनाव से पहले यादव मतदाताओं के बीच राजनीतिक पैठ बढ़ाने की भाजपा की कोशिश का हिस्सा है। अब असली परीक्षा यह होगी कि भाजपा की कमल वाली रणनीति बबेरू में कितनी प्रभावी होती है और समाजवादी पार्टी अपने परंपरागत सामाजिक आधार को कितना एकजुट रख पाती है। News Status 24 पूरी करे सच की जिज्ञासा


